Pages

Ads 468x60px

26.1.11

आदमपुर में धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस
मंडी आदमपुर, 26 जनवरी:
आदमपुर क्षेत्र में बुधवार को गणतन्त्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। आदमपुर में मुख्य समारोह आदर्श युवा क्लब की ओर से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। यहां ध्वजारोहण पूर्व विधायक कुलबीर बैनीवाल ने किया वहीं अध्यक्षता पंजाबी सभा के प्रधान राजकुमार ऐलावादी ने की। सबसे पहले आदमपुर पुलिस के साथ-साथ एन.सी.सी.कैडेटस ने राष्ट्रध्वज तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति, सांस्कृतिक, हरियाणवीं, राजस्थानी नृत्यों के साथ-साथ पेश की गई कोरियोग्राफी ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधान रामचंद्र झूरिया, हरभगवान भारद्वाज, डी.पी.बिश्नोई, विजय सिगड़ आदि ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राजकुमार ऐलावादी, विनोद गोयल, श्यामलाल जैन, घीसाराम जैन, तरसेम गोयल, पपेंद्र ज्याणी, डॉ.श्याम बिश्नोई, मा.वजीर सिंह, गोलूराम मिस्त्री, प्रीतम भादू, रामरतन बिश्नोई, विनोद खन्ना, महेंद्र भादू, हंसराज खिचड़, नरषोत्तम, ओमविष्णु, मदनलाल फुरसाणी, सुशील जाजूदा सहित अनेक सदस्यगण उपस्थित थे।

हुड्डा स्कूल में देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
मंडी आदमपुर, 26 जनवरी:
हुड्डा सीनियर सैकेंडरी स्कूल अग्रोहा में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर महेंद्र हुड्डा व उनकी धर्मपत्नी दयावंती हुड्डा ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया जबकि अध्यक्षता प्राचार्य राजेंद्र कुमार ने की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि हमें अपने संविधान निर्माताओं व देशभक्तों के बताए हुए आदर्शों पर चलना चाहिए। हम किसी भी धर्म, जाति, संप्रदाय व राज्य से संबंध रखते हो। सबसे पहले हम भारतवासी हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मेरा देश रंगीला नामक देशभक्ति नाटक पेश किया। छात्रा कविता काजला ने नागरिक के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। पूजा, संजू, अनुराधा, पुष्पा, पूनम, अन्नु ने दहेज प्रथा पर कटाक्ष किया। कार्यक्रम में प्राध्यापक शमशेर सिंह ने मंच संचालन किया। इस मौके पर मनीष कुमार, चतरसिंह, कपिल कुमार, राजेंद्र बैनीवाल, पूनमचंद, योगेश कुमार, नरेंद्र हुड्डा, राजमहेश्वरी, रामसुंदरा, पूनम, ममता, हर्षा, चारू, सुरेश कुमारी, नीतू, ज्योति, कविता सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।

भ्रष्टाचार के विरोध में रैली आज
मंडी आदमपुर, 26 जनवरी:
आदमपुर के सांझा मंच द्वारा देश व प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार के विरोध में आज गुरुवार को रैली निकाली जाएगी। जानकारी देते हुए रैली के संयोजक बंसीधर शर्मा ने बताया कि यह रैली अनाज मंडी से शुरू होगी तथा इसमें कस्बे की अनेक संस्थाओं के पदाधिकारी भाग लेंगे। इसके बाद तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

25.1.11

मिर्चपुर प्रकरण की चिंगारी पहुंची आदमपुर
मंडी आदमपुर, 24 जनवरी:
मिर्चपुर प्रकरण को लेकर जगह-जगह हो रहे जाम व प्रदर्शनों की चिंगारी आदमपुर भी पहुंच गई और गांव सलेमगढ़-बगला रोड पर ग्रामीणों ने सड़क के बीचोंबीच पेड़ काटकर डालते हुए रास्ता जाम कर दिया। गांव सलेमगढ़ के अनेक ग्रामीण हनुमान मंदिर स्थित गांव के बस स्टैंड पर दो जगह पेड़ काटकर डाल दिए जिससे आवागमन पूरी तरह ठप होकर रह गया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए मिर्चपुर प्रकरण में गिरफ्तार किए गए लोगों की रिहाई की मांग की। वहीं दूसरी तरफ गांव बगला में करीब 1 दर्जन कीकरों को काटकर सड़क के बीचोंबीच डाल दिया गया। जिससे बगला मार्ग ठप हो गया। मार्ग ठप होने से वाहनों की कतारें लग गई। करीब डेढ़ बजे जाम की सूचना पाकर तहसीलदार ओ.पी.मांजू, थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह व वन विभाग के अधिकारी गांव में पहुंचे लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही प्रदर्शनकारी इधर-उधर हो लिए थे। प्रदर्शनकारियों के इधर-उधर हो जाने पर ग्रामीणों ने मौके का फायदा उठाते हुए काटे गए कीकरों को घर ले जाना शुरू कर दिया।

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर ट्रायल आयोजित
मंडी आदमपुर, 24 जनवरी:
गणतंत्र दिवस पर आदमपुर में खंड स्तरीय समारोह आदर्श युवा क्लब द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मनाया जाएगा। इस समारोह में विभिन्न स्कूलों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। समारोह को लेकर अंतिम ट्रायल सोमवार को लखीराम धर्मशाला में आयोजित किया गया। चयन प्रक्रिया में निर्णायक रमेश ओझा, राधेश्याम गोयल व डी.पी.बिश्नोई ने करीब 15 स्कूलों के विद्यार्थियों की 25 टीमों का कार्यक्रम हेतु चयन किया। क्लब प्रधान रामचंद्र झूरिया ने बताया कि इस समारोह में पूर्व विधायक कुलबीर बैनीवाल ध्वजारोहण करेंगे जबकि पंजाबी सभा प्रधान राजकुमार ऐलावादी अध्यक्षता करेंगे। ट्रायल के दौरान क्लब सदस्य एच.बी.गौड़, मदनलाल फुरसाणी, रामरत्न बिश्नोई, कृष्ण शर्मा, हंसराज खिचड़, छेलूराम पूनियां सहित अनेक क्लब सदस्य उपस्थित थे।

विकलांग बच्चों का नि:शुल्क मेडिकल कैंप 27 को
मंडी आदमपुर, 24 जनवरी:
आदमपुर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में पढऩे वाले कक्षा पहली से आठवीं तक के विशेष आवश्यकता वाले विकलांग बच्चों का नि:शुल्क मेडिकल कैंप 27 जनवरी को सामान्य अस्पताल में लगाया जाएगा। इस कैंप में विशेषज्ञ टीमों द्वारा सी.डब्ल्यू.एस.एन बच्चों की जांच की जाएगी। बी.ई.ओ मीना रहेजा ने बताया कि इन बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप डाक्टर द्वारा विर्दिष्ट उपकरण या अन्य सामग्री इन बच्चों को शीघ्र ही दिलवाई जाएगी। खंड में कुल 175 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे इस कैंप में हिस्सा लेंगे।

बालिका दिवस पर भ्रूण हत्या को लेकर नुक्कड़ नाटिका आयोजित
मंडी आदमपुर, 24 जनवरी:
आदमपुर-दड़ौली स्थित महाराजा अग्रसैन शिक्षण संस्थान में सोमवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में भ्रूण हत्या को लेकर गांव में नुक्कड़ नाटिका का आयोजन किया गया। उत्तरप्रदेश से आए आलोक शर्मा के निर्देशन में छात्र अध्यापक मुकेश व प्रमोद ने इस नाटिका में बखूबी अभिनय किया। उन्होंने अपने अभिनय से दर्शाया कि समाज में नारी के बिना कुछ भी संभव नहीं है तथा नारी से ही मानव का अस्तित्व है। आज की नारी काफी एडवांस हो चुकी है तथा छोटे से लेकर बड़े-बड़े पदों तक भी पहुंचने में कामयाब हुई है। इस मौके पर प्राचार्य डॉ.शैलेंद्र भूषण, उपप्राचार्या डॉ.शीतल ग्रोवर, पुनीत मंडेरना, जयवीर सिगड़, अजय सोनी सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।



11.1.11

गैस एजेंसी से शिकायत पर करें फोन
हिसार:जिला में घरेलू गैस किल्लत को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। जिला उपायुक्त डॉ. युद्धवीर सिंह ख्यालिया ने कहा कि गैस उपभोक्ता हिसार शहर की काजला गैस एजेंसी 9896496210, संजय गैस एजेंसी 8930018066, 9254568985, स्वास्तिक इंडियन गैस के मोबाइल नम्बर 9416214447, 232691, 232991, दया गैस सर्विस 224381, 9416241387, 97290732, जेपी गैस सर्विस पर 9729046833, 9812674549, नवज्योति गैस पर 01662-657057, 9896061077, आर्य गैस ऐजेंसी के 9254130388, 01662-230388, साई गैस सर्विस के 9254335501,01662-235501, राजेश गैस सर्विस के 9253868382, 9255588234, नेशनल गैस सर्विस के 9896911355, 9254356573, एचएलआरडीसी 9466159666, 9466159127, हांसी की सज्जन गैस एजेंसी के 9812556908, हनुमान गैस एजेंसी के 9215165013, 9812365010, गोपाल गैस एजेंसी के फोन नम्बर 9813547332,नारनौंद के पवित्र गैस ऐजेंसी के 01663-233574,धर्मा गैस एजेंसी के 9416164078, नवभारत गैस ऐजेंसी के 9466911843, 01663-233800, आदमपुर में श्याम गैस एजेंसी के 9215242681, बरवाला में बरवाला गैस एजेंसी के 9991407770, उकलाना में उकलाना गैस एजेंसी के 9254200551, तलवण्डी राणा में पेट्रो गैस एजेंसी के 9996614421 के फोन नम्बरों पर गैस बुकिंग करवा सकते हैं। इन नंबरों पर कोई उत्तर नहीं मिले तो जिला खाद्य आपूर्ति विभाग में कार्यालय के फोन नम्बर 01662-233944 पर सम्पर्क करके संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाएं।


दड़ौली में 200 ग्रामीणों के स्वास्थ्य को जांचा
 मंडी आदमपुर,10 जनवरी, 2011 :गांव दड़ौली के शहीद भगतसिंह युवा क्लब के तत्वावधान में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जांच कर उन्हें दवाइंया भी वितरित की। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.एएल बजाज तथा लेडी डॉक्टर सुमन ने 200 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उन्हें उचित परामर्श देकर नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की। इससे पूर्व शिविर का शुभारंभ करते हुए भाजपा जिला महासचिव सुखवीर डूडी ने कहा कि ग्रामीण लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति कम ध्यान देते हैं और इसी कारण उनकी छोटी सी बीमारी भी बड़ा रूप ले लेती है। इसलिए युवा क्लबों द्वारा लगाए जाने वाले नि:शुल्क शिविर उन ग्रामीणों के लिए लाभदायक साबित होते हैजो आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं। इस मौके पर क्लब प्रधान पुनीत मंडेरना, सचिव अजय सोनी, जयवीर सिगड़, अमित शर्मा, सुरेंद्र सोनी, सुनील जांगड़ा, गोविंद, रवि जांगड़ा, मनोज कुमार सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।



स्वयंसेवकों को दी योगासनों की जानकारी
मंडी आदमपुर,10 जनवरी, 2011 :योग व प्राणायामों से विद्यार्थी न केवल पूर्णतया स्वस्थ रहते हैं बल्कि उनकी बुद्धि का भी विकास होता है। विद्यार्थियों को याददाश्त बढ़ाने के लिए भी योगासन करने चाहिए। यह बात भूगोल प्राध्यापक व योग शिक्षक गोपाल गिल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वयंसेवकों को योग क्रियाएं करवाते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्राणायाम एवं योग करने से विद्यार्थियों में नई मानसिक ताजगी आती है जो विद्या अध्ययन में लाभदायक है। वहीं सीसवाल के शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक सुभाष चंद्र अस्तवाल ने भी स्वयंसेवकों को नैतिक शिक्षा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक नैतिक मूल्यों को समझेंगे तभी समाज जागृत होगा। स्वयंसेवकों ने इस दौरान भस्त्रिका, कपालभाती, बाह्यï प्राणायाम, अग्निसार, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उद्गीथ, उज्जाई प्रणायाम, तुलासन, हलासन, सर्वांगासन आदि योगासनों की जानकारी ली। इस मौके पर प्राचार्या आशारानी, कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश चंद्र, महेंद्र सिंह भादू, सोमेश कुमार, अमरजीत ज्याणी, रणधीर शास्त्री, छबीलदास सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित थे। उधर गांव दड़ौली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे एनएसएस शिविर के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक जगदीश राय ने स्वयंसेवकों को एचआईवी/एडस के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान प्राचार्या शमशेर सिहाग व एनएसएस इंचार्ज शमशेर नहला ने भी स्वयंसेवकों को जानकारी दी।



थाना प्रभारी ने दी यातायात नियमों की जानकारी
मंडी आदमपुर,10 जनवरी, 2011 :आदमपुर पुलिस प्रभारी धर्मवीर पिलानिया ने सोमवार को सामान्य अस्पताल के पास टैक्सी संचालकों व निजी वाहनचालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर टैक्सी चालक यातायात नियमों के प्रति जागरूक होंगे तभी वो अन्य लोगों को जागरूक कर पाएंगे। इसलिए वाहनचालकों को चाहिए कि वे यातायात के सभी नियमों की पालना करते हुए एक जागरूक वाहनचालक बने। थाना प्रभारी ने कहा कि वाहनचालक अपने वाहनों के पीछे रिफलेक्टर लगवाएं ताकि पीछे से आ रहे वाहन चालकों को आगे खड़े वाहन का पता लग जाए। इसके अलावा शराब पीकर गाड़ी ना चलाएं क्योंकि अधिकतर दुर्घटनाओं का कारण शराब ही बनती है। वहीं धुंध के मौसम में लाइटों का तथा रात्रि को डीपर का प्रयोग करें।

17.12.10

ये उम्मीद तो न थी राहुल जी !!!
राहुल गांधी द्वारा आतंकवाद को मजहब के आधार पर परिभाषित किए जाने से बहुत निराशा हुई है। राहुल गांधी से देश उम्मीद लगाए बैठा था कि वो महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी तथा खासकर आतंकवाद पर लगाम कसने में कुछ कर दिखाएंगे। लेकिन ना तो भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और ना ही बेरोजगारी पर। अब आतंकवाद को मजहब के आधार पर परिभाषित करके उन्होंने यह साबित ही किया है कि वे भी धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों की जमात से ही हैं। श्रीमान राहुल गांधी जी वोटों की राजनीति करनी है तो करो, लेकिन कम से कम ऐसी राजनीति तो ना करो की देश की एकता व अखंडता को ही खतरा पैदा हो जाए। और हां, पिछले दिनों दिग्विजय सिंह द्वारा करकरे से फोन संबंधी भी दिए गए बयान से कांग्रेस ने अपना पल्ला झाड़ लिया था तो क्या अब राहुल गांधी के इस बयान से भी पल्ला झाडऩे का साहस कांग्रेस कर पाएगी



रानी देवी ने मरणोपरांत की आंखें दान
मंडी आदमपुर, 17 दिसंबर:आज के इस मतलब भरे युग में कुछ ऐसी शख्सियतें भी है जो मरकर भी इस दुनिया का भला करना चाहती है। जहां हर कोई अपने मतलब को साधने में लगा हुआ है वहीं अनेक ऐसे उदाहरण है जो अपने शरीर का कतरा-कतरा देश व समाज के लिए दान कर देते हैं। ऐसा ही उदाहरण आदमपुर के जवाहर नगर में रहने वाली 70 वर्षीय रानी देवी ने अपने मरणोपरांत अपनी दोनों आंखें दान कर पेश किया है। रानी देवी पत्नी स्वर्गीय गंगाराम धमीजा का गत रात्रि निधन हो गया। उनकी हार्दिक इच्छा थी कि उनके मरने के बाद उनकी आंखें दान की जाए। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उनके निधन पर परिजनों ने इसकी सूचना डेरा सच्चा सौदा आदमपुर के भंगीदास भूषण गोयल व पटेल सोनी को दी। इन दोनों ने फतेहाबाद स्थित शाह सतनाम नेत्रदान कमेटी के मैम्बरों को सूचना दी। जिस पर फतेहाबाद से डॉ.शम्मी, विजय कुमार व राजकुमार इंसा की टीम ने आकर रानी देवी की आंखें निकालकर शाह सतनाम हॉस्पिटल सिरसा स्थित नेत्र बैंक में पहुंचा दी। रानी देवी के इस नि:स्वार्थ दान की आदमपुर के समाजसेवी संगठनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।


शिविर में महिलाओं को दी जानकारी
मंडी आदमपुर, 17 दिसंबर:गांव आदमपुर की साक्षर महिला समूह द्वारा बाल कल्याण व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिला जागृति शिविर लगाया गया। जिसमें मुख्यातिथि के रूप में सरपंच माया देवी ने भाग लिया जबकि अध्यक्षता सी.डी.पी.ओ शारदा रानी ने की। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. दलीप सिंह व रेशमा देवी ने शिरकत की। सरपंच माया देवी ने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है तथा उनका उत्थान हो सके इसके लिए उनका जागरूक होना जरूरी है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा महिलाओं को स्वास्थ्य गर्भवती महिलाओं के खान-पान, बच्चों के पोषण संबंधी, मधुमेह, दिल की बीमारी व टीकाकरण के बारे में विस्तार से बताया गया। समूह की प्रधान संतोष देवी ने भी महिलाओं को आवश्यक बातें बताई।



दाधीच महासभा की बैठक आयोजित
मंडी आदमपुर, 17 दिसंबर:आदमपुर के महर्षि दधीचि तपोवन शक्तिपीठ में अखिल भारतीय दाधीच ब्राह्मण महासभा के आह्वान पर बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता प्रधान जगदीश शर्मा ने की। बैठक में पिछले कुछ दिनों से महासभा व गोठ-मागलोद मंदिर के पुजारियों के बीच चल रहे विवाद के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। श्री शर्मा ने बताया कि 19 दिसंबर को महासभा का सालासर में सिरसा वालों की धर्मशाला में खुला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा जिसमें हरियाणा व राजस्थान के दाधीच ब्राह्मण भाग लेंगे। बैठक में कोषाध्यक्ष हुन्नामल शर्मा व सचिव रमेश कुमार ने भी अपने विचार रखे।



आशा वर्कर्स का पांच दिवसीय शिविर समाप्त
मंडी आदमपुर, 17 दिसंबर:आदमपुर के सामान्य अस्पताल के विस्तार भवन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीसवाल के अंतर्गत आने वाले गांवों की स्वास्थ्य आशा वर्कर्स का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिसमें वर्कर्स को स्वास्थ्य संबंधी तथा अस्पताल में जन्मे बच्चों को समय पर टीका लगवाने के लिए फ्री एंबुलेंस की सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ.रोशनलाल, पी.एच.एन.नीलम, सरोज व कुलवंत ने सभी आशा वर्कर्स को ट्रेनिंग देते हुए उन्हें सावधानियां बरतने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग से डॉ.दलीप सिंह ने बताया कि ट्रेनिंग आशा वर्कर्स को दो बार दी जा चुकी है तथा यह तीसरी बुक की ट्रेनिंग है। उन्होंने बताया कि ये आशा वर्कर्स गांवों में जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती है।



बी.ई.ओ ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण
मंडी आदमपुर, 17 दिसंबर:आदमपुर की खंड शिक्षा अधिकारी मीना रहेजा ने शुक्रवार को गांव महलसरा, मोठसरा एवं कोहली के अनेक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बी.ई.ओ ने छात्रों की उपस्थिति, मिड-डे-मिल व सफाई व्यवस्था आदि की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बी.ईओ ने राजकीय मिडल स्कूल महलसरा, राजकीय मिडल स्कूल मोठसरा, राजकीय प्राथमिक स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय हाई स्कूल कोहली में निरीक्षण करते हुए कहा कि इस तरह का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और ड्यूटी में कोताही बरतने वाले किसी भी अध्यापक या अन्य कर्मचारी के प्रति ठोस कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बी.ई.ओ के साथ कार्यालय अस्सिटेंट रामेश्वर दास, रणसिंह बिश्नोई भी थे।

26.11.10

रेणुका बिश्नोई ने दिया महासंग्राम रैली का न्यौता
मंडी आदमपुर, 26 नवंबर:आदमपुर के विधायक व हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई की धर्मपत्नी रेणुका बिश्नोई ने शुक्रवार को आदमपुर हलके का दौरा कर ग्रामीणों को 2 दिसंबर को जींद में होने वाली महासंग्राम रैली के लिए न्यौता दिया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हजकां नेत्री ने कहा कि प्रदेश की सरकार आदमपुर की जनता के साथ भेदभाव कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरे हरियाणा का समान रूप से विकास किया लेकिन हुड्डा केवल किलोई के मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। श्रीमती बिश्नोई ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई प्रदेश की जनता के लिए संघर्ष कर रहे है तथा उनका संघर्ष बेकार नहीं जाएगा। हजकां छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले पांचों विधायकों के खिलाफ हाईकोर्ट का निर्णय आते ही प्रदेश से कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आदमपुर की जनता ने हमेशा भजनलाल परिवार का साथ दिया है तथा इस रैली में भी आदमपुर की संख्या सबसे अधिक होगी। अपने दौर के पहले दिन रेणुका बिश्नोई ने गांव आदमपुर, कोहली, कालीरावण, फ्रांसी, खासा महाजनान, सारंगपुर, खैरमपुर, भाणा, भोडिया बिश्नोईयान, चबरवाल, दड़ौली, चूली कलां, चूली खूर्द, चूली बागडिय़ान, किशनगढ़, खारा बरवाला, सदलपुर व मंडी आदमपुर के लाइन पार में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।



एन.सी.सी.कैडेटस ने निकाली जागरूकता रैली
मंडी आदमपुर, 26 नवंबर:आदमपुर के फिरोज गांधी मैमोरियल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एन.सी.सी. महिला विंग ऑफिसर डॉ.स्नेहलता के निर्देशन में एन.सी.सी.सप्ताह मनाया गया। इस दौरान स्लोगन, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग व गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं एन.सी.सी.कैडेटस ने कन्या भ्रूण हत्या के प्रति जागरूकता रैली भी निकाली। रैली को प्राचार्य डॉ.विकास आनंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रैस प्रवक्ता डॉ.सुनील कुमार ने बताया कि कैडेटस ने भ्रूण हत्या व दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराईयों से होने वाली हानियों के बारे में कस्बावासियों को अवगत करवाया। छात्राओं ने बेटी नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे के उद्घोषों से जन-जन का ध्यान भ्रूण हत्या रोकने के लिए आकर्षित किया। प्राचार्य व डॉ.स्नेहलता ने कहा कि एन.सी.सी.कैडेटस सामाजिक क्रांति लाने में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। इसलिए एकता व अनुशासन के साथ-साथ कैडेटस को सामाजिक बुराईयों के प्रति भी समाज को जागृत करना चाहिए। इस मौके पर वरिष्ठ प्राध्यापक ओ.पी.बिश्नोई, डॉ.शारदा बिश्नोई, डॉ.निर्मल राठी, रूबी चौधरी, डॉ.रोहताश कुमार, बी.एस.कूंडू, गुरनाम चंद, राजेंद्र प्रसाद सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।


सर्दी शुरू होते ही गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ी
मंडी आदमपुर, 26 नवंबर:सर्दी की दस्तक के साथ ही आदमपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ गई है तथा आदमपुर की एकमात्र गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ पहले से ज्यादा लगनी शुरू हो गई है। मंडी से ही नहीं बल्कि आसपास के अनेक गांवों से रोजाना एजेंसी के गोदाम पर हजारों की संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ती है। हालांकि सभी उपभोक्ताओं को तो सिलैंडर उपलब्ध नहीं हो पाता है क्योंकि एजेंसी में पीछे से ही रोजाना 306 सिलैंडर आते हैं। जिस कारण जितने सिलैंडर आते हैं उतनी ही डिलीवरी हो पाती है। वहीं इस सर्दी का फायदा उठाने के लिए क्षेत्र के गैस कालाबाजारी हिसार, भट्टू, फतेहाबाद, जाखल से सिलैंडर लाते हैं तथा उन्हें कस्बे में ऊंचे दामों पर बेचकर खूब चांदी कूट रहे हैं। इन कालाबाजारियों का शिकार वाहनचालकों के साथ-साथ आम उपभोक्ता को भी होना पड़ रहा है क्योंकि मांग अधिक होने की वजह से एजेंसी से जल्दी से सिलैंडर उपलब्ध नहीं हो पाता है। वहीं प्रशासन ने एजेंसी पर फूड सप्लाई इंस्पेक्टर को बिठाने के आदेश दिए हैं ताकि गैस का बंटवारा सही तरीके से हो सके तथा प्रत्येक उपभोक्ता को सही समय पर रसोई गैस मिल सके। रसोई में इस्तेमाल के लिए गैस की कोई कमी नहीं-इस संबंध में श्याम गैस एजेंसी के मैनेजर भागमल का कहना है कि रसोई में इस्तेमाल करने के लिए गैस की कोई कमी नहीं है। हर उपभोक्ता को रिफिल उपलब्ध करवा जा रहे हैं। गैस गीजर व गाडिय़ों में इस्तेमाल करने वाले ही उन पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दूर-दराज के गांवों के करीब 12 हजार से ज्यादा उपभोक्ता होने के कारण एजेंसी पर सिलैंडरों की मांग बहुत ज्यादा होती है जबकि कंपनी द्वारा पीछे से भेजे जाने वाले सिलैंडरों की संख्या पिछले साल की भांति ही कम होती है। अब तक इस महीने के 25 दिन बीत चुके हैं लेकिन उनके पास मात्र 20 गाडिय़ां ही आई है। फिर भी उनका उद्देश्य यही रहता है कि हर उपभोक्ता को रिफिल दिया जाए।


जनत विकास पर मोहर लगाती है:बैंदा
मंडी आदमपुर, 26 नवंबर:विकास कार्य कैसे करवाए जाते हैं और उनका नतीजा कैसा मिलता है तथा जनता उस विकास पर कैसे मोहर लगाती है। यह सीख मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बिहार व गुजरात के मुख्यमंत्रियों से लेनी चाहिए। यह बात भाजपा युवा मोर्चा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला सचिव ज्योति बैंदा ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। श्रीमती बैंदा ने कहा कि राजग गठबंधन की बिहार में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के नेतृत्व में पांच साल चली सरकार ने रिकार्डतोड़ विकास कार्य करवाए जिसकी बदौलत बिहार की जनता ने दूसरी बार नीतिश कुमार को सत्ता सौंपकर यह साबित कर दिया कि लोग केवल विकास चाहते हैं और व्यक्ति विशेष नहीं बल्कि विकास के नाम पर ही वोट मिलेंगे। इसके अलावा गुजरात की जनता ने भी तीसरी बार नरेंद्र मोदी को सत्ता इसलिए सौंपी थी क्योंकि मोदी ने गुजरात में राम राज्य स्थापित कर गुजरात को विकास के शिखर पर पहुंचा दिया है। जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री मात्र विकास का ढिंढोरा पिट रहे हैं। विकास केवल सोनीपत, झज्जर व रोहतक तक सीमित होकर रह गया है। मुख्यमंत्री हुड्डा का प्रदेश को नंबर वन बनाना मात्र जनता के सामने ढकोसला पेश करना है क्योंकि पीछे हुए विधानसभा के आम चुनावों में कांग्रेस का ग्राफ गिरा है। 68 सीटों वाली कांग्रेस 40 सीटों पर सिमट कर रह गई थी। इसका यही कारण है कि जनता हुड्डा को कतई पसंद नहीं करती बल्कि यह उन पर थोपा गया मुख्यमंत्री है। अगर आज आम चुनाव होते हैं तो निश्चित तौर पर प्रदेश में भी राजग की सरकार बनना निश्चित है। उन्होंने बिहार की जनता का धन्यवाद करते हुए सभी भाजपा कार्यकर्ताओं व नीतिश कुमार को बधाई दी।


विद्यार्थियों को रोजगार संबंधी जानकारी दी
मंडी आदमपुर, 26 नवंबर:आदमपुर के राजकीय महाविद्यालय में रोजगार एवं व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ की ओर से स्नातक शिक्षा पूर्ण करने के बाद रोजगार के अवसर विषय पर सारगर्भित विस्तारित अभिभाषण का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ प्राचार्य डॉ.विकास आनंद ने किया जबकि अध्यक्षता प्रकोष्ठ प्रभारी आजाद कुमार ने की। अभिभाषण में कैरियर काऊंसलर दिनेश नागपाल ने विद्यार्थियों को स्नातक शिक्षा के बाद प्राप्त होने वाले रोजगार अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघीय लोक सेवा आयोग दिल्ली द्वारा सिविल सेवा की परीक्षा में नए बदलाव करने से ग्रामीण आंचल के विद्यार्थी भी इसका अधिकत्तम लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में बढ़ते रोजगार के अवसर, परीक्षा प्रणाली व उनकी प्रोमोशन, वेतन एवं भत्तेे के बारे में भी विद्यार्थियों को संपूर्ण जानकारी दी। नागपाल ने एम.बी.ए. की परीक्षा की तैयारी, संस्थान, परीक्षा के स्तर के बारे में भी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण आंचल में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है अगर विद्यार्थी सच्ची लगन, मेहनत व उचित मार्गदर्शन लेकर कार्य करें तो वे अवश्य ही बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं। प्राचार्य डॉ.विकास आनंद ने भी विद्यार्थियों को आगे बढऩे की प्रेरणा देते हुए कहा कि महाविद्यालय एक ऐसा संस्थान होता है जहां विद्यार्थी अपने ज्ञान को और भी गहन बना सकता है। इस मौके पर प्रो.आत्मप्रकाश, रमेश कुमार, नीतिका रानी, गुरनाम चंद, सुमन बिश्नोई, विजय वर्मा सहित अनेक स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित थे।