Pages

Ads 468x60px

13.10.11

पूरे लोकसभा का  मतदान प्रतिशत  68.9 रहा
आदमपुर में 75 ,उकलाना में 70 ,नारनौद में 68.36 ,हाँसी में 66.63 ,बरवाला में 70 ,हिसार में 62.43 ,नलवा में 69 ,बवानीखेड़ा में 67 तथा उचाना में 71.67 प्रतिशत मतदान हुआ
भारी मतदान के बाद दिग्गजों का भाग्य ईवीएम में बंद
कुछ बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी से देरी से शुरू हुआ मतदानआदमपुर के एक बूथ पर कार्यकर्ताओं के बीच बहस17 अक्टूबर को खुलेगा भाग्य का पिटारा
हिसार, 13 अक्टूबर। हिसार लोकसभा का उपचुनाव आज संपन्न हो गया। उपचुनाव में भाग्य आजमा रहे 40 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में बंद हो गया है और चुनाव परिणाम 17 अक्टूबर को जारी होगा। उपचुनाव में भारी मतदान हुआ है जो मतदाताओं की जागरुकता का परिचायक है। मतदान के प्रति मतदाताओं के उत्साह का पता इसी बात से लगता है कि मतदान शुरू होने से पहले की मतदान केंद्रों के बाहर कतार लगनी शुरू हो गई थी। सुबह 9 बजे तक 7.75 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसके बाद मतदान में और तेजी आई तथा 10 बजे तक 17.74 प्रतिशत लोगों ने अपना वोट डाल दिया था। अगले एक घंटे में मतदान की प्रक्रिया ने इतनी गति पकड़ी की 11 बजे तक सभी 9 हलकों में 25.67प्रतिशत वोट पोल हो चुके थे। 12 बजे तक 33.8 प्रतिशत, 1 बजे तक 40.14 प्रतिशत तथा 2 बजे तक 48.46 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान प्रतिशत इस बार ज्यादा रहने की उम्मीद है क्योंकि सभी मतदान बूथों पर लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई है। यह उपचुनाव स्व. भजन लाल की मृत्यु के कारण हुआ है क्योंकि वे यहां से सांसद थे। उपचुनाव में स्व. भजन लाल के पुत्र कुलदीप बिश्रोई भाजपा के समर्थन से चुनाव लड़ रहे हैं। उधर इनेलो की ओर से अजय सिंह चौटाला तथा कांग्रेस की ओर से जयप्रकाश चुनाव में भाग्य आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला तीनों प्रत्याशियों के बीच ही है। हालांकि उपचुनाव में कुल 40 प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं।
1506 केंद्रों पर हुआ मतदान
संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के 13 लाख 32 हजार मतदाताओं के लिए 9 विधानसभा क्षेत्रों में 809 स्थानों पर 1506 मतदान केन्द्र स्थापित किए गये थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात थे जहां सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से 1506 मतदान केंद्रों में से 75 गांवों में स्थित 172 स्थानों पर 339 बूथों को उच्च संवेदनशील तथा 113 गांवों में 195 स्थानों पर 387 बूथों को संवेदनशील और 44 बूथों को क्रिटिकल मतदान केन्द्र घोषित किया गया था जहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
सीमा पर रही विशेष चौकसी
हिसार संसदीय क्षेत्र में बाहरी तत्वों के प्रवेश पर नजर रखने के लिए सीमाओं पर भी पुलिस नाके लगाए गए थे। हिसार, भिवानी और जींद जिलों जैसा कि पंजाब के साथ जींद बोर्डर और राजस्थान के साथ भिवानी बोर्डर लगता है, में पुलिस बल और 150 अतिरिक्त नाके स्थापित किए गए थे। सुरक्षा के लिए बॉर्डर पर केन्द्रीय बलों की 40 कम्पनियां तैनात की गई थी। संसदीय निर्वाचन क्षेत्र मे राजस्थान और पंजाब के पडौसी राज्यों के साथ राज्य के बोर्डर सील किए गए थे।
28000 कर्मचारियों ने कराया मतदान
उपचुनाव के लिए आज हुए मतदान को सफलतापूर्वक कराने के लिए चुनाव आयोग की ओर से लगभग 28000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी कर्मचारी एक दिन पूर्व ही अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ पहुंच गए थे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए लगभग 19000 सुरक्षा कर्मी भी तैनात किए गए थे।
टीम अन्ना की मुहिम भी दांव पर
हिसार उपचुनाव जितना कांग्रेस, इनेलो व हजकां-भाजपा गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण है, उससे ज्यादा टीम अन्ना के लिए भी प्रतिष्ठता का सवाल है। इस उपचुनाव पर पूरे देश की नजर है क्योंकि अपने अनशन के बाद अन्ना हजारे की टीम ने हिसार उपचुनाव में कांग्रेस की खुलकर बगावत की है। इसलिए देश की जनता में इस बात की उत्सुकता है कि उपचुनाव में टीम अन्ना की मुहिम क्या रंग लाती है। यदि कांग्रेस प्रत्याशी हार गया तो जनता के बीच संदेश जाएगा कि अन्ना हजारे के संदेश का जनता पर असर हुआ है और यदि ऐसा नहीं हुआ तो अन्ना व उनकी टीम के लिए अच्छा संकेत नहीं होगा।
देश की सबसे धनी महिला ने भी डाला वोट
देश की सबसे धनी महिला एवं कांग्रेस विधायक सावित्री जिंदल ने भी आज उपचुनाव में अपने मतदान का प्रयोग किया। मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश की आसानी से जीत होगी क्योंकि मतदाता विकास के नाम पर वोट देंगे और इस समय उनके समक्ष अन्ना फैक्टर बिल्कुल भी काम नहीं कर रहा। मतदाता केवल विकास चाहते हैं और केवल इसी मुद्दे के आधार पर वे कांग्रेस को ही वोट दे रहे हैं। उनके साथ जगदीश जिंदल, भूपेंद्र गंगवा, ललित शर्मा आदि उपसिथत थे।
कैप्टन अभिमन्यु ने खांडाखेड़ी में किया मतदान
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिमन्यु ने वीरवार सुबह अपने पैतृक गांव खांडाखेड़ी में परिजनों के साथ मतदान किया। इससे पहले उन्होंने सर्मथकों के साथ कुलदीप बिश्रोई की जीत के लिए यज्ञ भी किया। उन्होंने दावा किया है कि इस चुनाव में भाजपा-हजकां प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होंगे, और प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा प्रदेश की जनता की मदद से उनका गठबंधन टै्रक्टर पर सवार होकर चण्डीगढ़ में कमल खिलाएगा। इसके बाद कैप्टन अभिमन्यु ने हिसार लोकसभा के विभिन्न बूथों का दौरा कर स्थिति का जायजा भी लिया।

कुलदीप ने परिवार सहित वोट डाला
मंडी आदमपुर13 अक्टूबर,आदमपुर में गुरुवार को हिसार लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर महिलाओं, पुरुषों व बुजुर्गों की कतार देखने को मिली। जिसके कारण करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ। हजकां प्रत्याशी कुलदीप बिश्नोई ने सुबह ठीक 7 बजकर 50 मिनट पर नई अनाज मंडी में स्थित मतदान केंद्र मार्केट कमेटी में प्रवेश किया तथा 8 बजते ही वोटिंग मशीन का बटन दबाकर बूथ संख्या 47 के मतदान का शुभारंभ किया। उनके साथ ही उनकी माता जसमा देवी, पत्नी रेणुका बिश्नोई, बहन रोशनी देवी साले प्रवीण बिश्नोई ने भी मतदान केंद्र में आकर अपने-अपने वोट डाले। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हिसार सीट से वे एक लाख से भी ज्यादा मतों से जीत दर्ज करेंगे। अजय व जेपी को बाहरी प्रत्याशी बताते हुए कुलदीप ने कहा कि इनके तो हिसार में वोट भी नहीं है। आत्मविश्वास से लबरेज कुलदीप बिश्नोई ने अपनी जीत का दावा ठोंका। कुलदीप ने कहा कि आदमपुर उनका अपना घर है यहां किसी को भी गुंडागर्दी नहीं करने दी जाएगी। यहां की जनता ने सदा ही उनका साथ दिया और आगे भी देती रहेगी तथा इस बार भी यहां से हम भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। इन वीवीआईपी मतदाताओं के लिए सुबह से ही प्रिंट व इलेक्ट्रोनिक मीडिया का जमावड़ा इस बूथ पर लगा हुआ था। इसके अलावा थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि चुनावों के मद्देनजर हलके के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात होने के कारण चुनाव पूरी तरह शांति से निपटा है। इसके अलावा अद्र्धसैनिक बल की कई टुकडिय़ों ने भी मोर्चा संभाले रखा। 
मतदान केंद्रों पर जसमा ने संभाला मोर्चा
आदमपुर में स्व. भजनलाल की धर्मपत्नी जसमा देवी ने अनाज मंडी के बूथ संख्या 47, 48 व 49 में मोर्चा संभाला। बूथ नं. 47 में तो जसमा देवी बतौर हजकां एजेंट तैनात थी। इसके अलावा उन्होंने अन्य बूथों पर भी बार-बार पहुंचकर मतदान का जायजा लिया तथा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। वहीं बूथ नं. 47 में जसमा देवी व रोशनी देवी एक साथ बैठे नजर आए। वहीं जयप्रकाश सुबह सवा 11 बजे गांवों का दौरा कर पहले आदमपुर की मार्केट कमेटी बूथ में पहुंचे तो थोड़ी देर बाद राजकीय कन्या स्कूल व लाइनपार स्कूल के बूथ पर भी गए। जेपी ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस विकास के दम पर इस उपचुनाव में जीत हासिल करेगी। वहीं इनेलो प्रत्याशी अजय चौटाला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि चुनाव में सारा माहौल उनके पक्ष में आ चुका है। जब भजनलाल यहां से सांसद थे तो उनकी ग्रांट लेप्स हो गई थी। वहीं अन्ना के फैक्टर से उनको फायदा मिलेगा। अजय ने अपनी जीत का दावा किया।    
खेतों में किसान, धीमी गति से हुआ मतदान  
हिसार लोकसभा क्षेत्र के अंतगर्त आदमपुर हलके में गुरुवार सुबह तो बूथों पर जोश दिखाई दिया लेकिन सुबह 9 बजे तक 9 प्रतिशत ही मतदान हुआ। करीब 10 बजे तक महिलाओं की संख्या में भारी इजाफा हो गया। महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। दुनिया के इस सबसे बड़े लोकतंत्र के इस उत्सव में जहां 50 फीसदी से भी ज्यादा भागीदारी महिलाओं की है। वहां पर इन महिलाओं की सुरक्षा के लिए चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन ने कोई सुरक्षा प्रयाप्त इंतजाम नहीं किए हुए थे। इन महिलाओं की सुरक्षा के लिए कहीं भी महिला पुलिस का इंतजाम नहीं किया गया था। चुनाव शुरू होने से पहले चुनाव आयोग व जिला प्रशासन ने बड़े-बड़े दावे ठोके थे लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और ही निकली। इक्का-दुक्का महिला पुलिस कर्मचारी को छोडक़र कहीं भी महिला पुलिस कर्मचारी नजर नहीं आई। सुरक्षा का जिम्मा जिन अद्र्धसैनिक बल के जवानों को लगाया गया था उनके बीच भाषा को लेकर भारी दिक्कतें आ रही थी। इस कारण ये जवान भी कुछ नहीं कर पा रहे थे। 11 बजे मार्केट कमेटी के बूथ पर एक नेपाली मूल की महिला को लेकर कांग्रेस के बूथ एजेंट ने शोर मचा दिया। जिस कारण इस बूथ पर करीब 10 मिनट तक मतदान प्रभावित हुआ। महिला की बजाए एक पुलिस कर्मी ने जब इस महिला को पकड़ा तो वहां मौजद लोगों ने महिला पुलिसकर्मी को लाने की बात कहते हुए बीच-बचाव किया। गांव में मतदाताओं का रूझान कम देखने को मिला किसानों के खेतों में व्यस्त होने के चलते मतदान उम्मीद से कम हुआ। गांव बगला में ग्रामीणों ने अधिकारियों पर बूथ नंबर 118 में धीमी गति से मतदान करने का आरोप लगाया। जब गांव बगला का दौरा किया गया तो 4 बजे तक इस बूथ पर ग्रामीणों की लंबी कतार लगी हुई थी। जबकि साथ लगते 117 नंबर बूथ पर एक भी मतदाता दिखाई नहीं दिया। 

No comments:

Post a Comment